पटना: बिहार की बेटियां अब राष्ट्रीय मंच पर हॉकी का दम दिखाने के लिए तैयार हैं। अस्मिता नेशनल लीग हॉकी 2026 में इस बार बिहार की टीम भी हिस्सा लेगी, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 14 से 20 अप्रैल तक ग्वालियर में आयोजित होगी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने जानकारी दी कि हॉकी इंडिया द्वारा बिहार के क्वालिफाई करने की सूचना दी गई है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली न्यायालय के आदेश के अनुसार टीम चयन की जिम्मेदारी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण को सौंपी गई है। इसी के तहत महिला खिलाड़ियों के चयन के लिए 8 अप्रैल को सुबह 7 बजे राजगीर खेल अकादमी के हॉकी ग्राउंड में ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
इस ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकती हैं जिनका जन्म 1 जनवरी 2006 के बाद हुआ है। यह ट्रायल राज्य की प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मौका माना जा रहा है, जहां से राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का रास्ता खुलेगा।
खेल प्रेमियों के लिए यह खबर उत्साह बढ़ाने वाली है, क्योंकि अब बिहार की बेटियां भी राष्ट्रीय हॉकी में अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : हौसलों की राइड पर निकले पैराशूटर संजीव कुमार गिरि का पटना में सम्मान, युवाओं को दिया बड़ा संदेश!