पटना: राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में 25 से 29 मार्च तक ‘बिहार ओपन फिडे रेटिंग चेस टूर्नामेंट 2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता बिहार में अब तक का सबसे बड़ा चेस रेटिंग टूर्नामेंट मानी जा रही है, जिसमें देश और विदेश से 650 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और अखिल बिहार चेस संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अंडर-7, 9, 11, 13 और 15 आयुवर्ग के साथ ओपन कैटेगरी के खिलाड़ी भी अपनी चालों का जादू बिखेरेंगे।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्रण शंकरण ने बताया कि यह टूर्नामेंट राज्य के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। कुल 10 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि विजेताओं को दी जाएगी, साथ ही विभिन्न वर्गों में मेडल, ट्रॉफी और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें भारत के साथ-साथ रूस, जिंबाब्वे और नेपाल के दिग्गज खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी जैसे ग्रैंडमास्टर पेत्र क्रियाकोव, नारायणन श्रीनाथ, जिंबाब्वे के इंटरनेशनल मास्टर मामोम्बे कुदजानी और नेपाल के राष्ट्रीय चैंपियन रूपेश जायसवाल इस प्रतियोगिता की शोभा बढ़ाएंगे।
बिहार चेस संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम तक चलेगी। खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था भी खेल प्राधिकरण द्वारा की गई है।
यह आयोजन न सिर्फ बिहार में शतरंज के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है, बल्कि राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : सभा में गरजे सीएम, बीच में बात करने वालों पर भड़के, सुनोगे तभी ना जानोगे!