लखीसराय: मेहनत, लगन और संघर्ष की एक शानदार मिसाल पेश करते हुए लखीसराय के छात्र निरंजन कुमार ने बिहार मैट्रिक परीक्षा 2026 में पूरे राज्य में 7वां स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी कक्षा 10वीं के परिणाम में इस वर्ष कुल 81.79 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। परिणाम की घोषणा सुनील कुमार ने की, जिसमें एक बार फिर लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
इसी बीच लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 17, संसार पोखर में किराए के मकान में रहने वाले निरंजन कुमार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने 484 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में 7वां रैंक हासिल किया और जिले में टॉपर बने।
निरंजन के पिता बिरजू साव एक राजमिस्त्री हैं, जो रोज़गार के लिए अक्सर बिहार से बाहर रहते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंजन ने अपनी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
निरंजन केआरके हाई स्कूल लखीसराय के छात्र हैं। उनकी इस सफलता पर स्कूल के प्राचार्य विनय कुमार ने खुशी जताते हुए इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया।
वहीं अन्य छात्रों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। इसके अलावा ज्योति सिन्हा, जिनके पिता कृष्ण मोहन महतो किसान हैं, ने भी 479 अंक हासिल कर दुसरे स्थान पर है। हालांकि उनके परिवार को और बेहतर अंक की उम्मीद थी, जिसको लेकर वे बोर्ड से पुनर्मूल्यांकन की मांग करने की बात कह रहे हैं।
माणिकपुर उच्च विद्यालय के प्राचार्य ललित नारायण मोदी ने भी ज्योति सिन्हा की सफलता पर प्रसन्नता जताई और कहा कि यह जिले में शिक्षा के बढ़ते स्तर का संकेत है।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय पाली के छात्र निशांत कुमार तृतीय, श्री राम स्नेही उच्च विद्यालय परसावां रामगढ़ चौक की छात्रा निशु कुमारी चतुर्थ, केआरके हाई स्कूल के छात्र सौरव कुमार चतुर्थ एवं पीबी हाई स्कूल के छात्र सचिन कुमार पांचवें स्थान पर रहे।
कुल मिलाकर, इस वर्ष का मैट्रिक परिणाम लखीसराय के लिए बेहद खास रहा, जहां साधारण परिवारों के बच्चों ने असाधारण सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियां भी हौसलों को नहीं रोक सकतीं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा… हर गली बना भक्तिमय!
