लखीसराय: लखीसराय के केआरके मैदान में चल रहे डे-नाइट राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के क्वार्टर फाइनल में पश्चिम चंपारण (बेतिया) ने मुंगेर को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में शानदार प्रवेश कर लिया।
मैच के पहले हाफ में मुंगेर और पश्चिम चंपारण की टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला, लेकिन दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। दर्शकों ने इस रोमांचक टक्कर का जमकर लुत्फ उठाया।

मध्यांतर के बाद मैच ने रफ्तार पकड़ी। 41वें मिनट में मुंगेर को पेनाल्टी मिली, जिसे जर्सी नंबर 2 की खिलाड़ी कशिश कुमारी ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, 54वें मिनट में बेतिया की नेहा कुमारी ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद बेतिया की पूजा कुमारी ने 64वें और 66वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को 3-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। अंत तक बेतिया ने बढ़त कायम रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए नेहा कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच का उद्घाटन डॉक्टर कुमार अमित और डॉक्टर रूपा ने किया। इस दौरान जिला फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी और कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : मुंगेर में सब-इंस्पेक्टर की पत्नी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप!
