सहरसा: जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में हत्या की वारदात के बाद स्थिति बेकाबू हो गई। मंगलवार देर रात सोए अवस्था में एक व्यक्ति की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद गुरुवार को शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
मृतक की पहचान उटेसरा गांव वार्ड नंबर-03 निवासी शत्रुघन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेजा था, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जैसे ही शव गांव पहुंचा, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण आक्रोशित हो गए और शव को थाना चौक के पास बीच सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने आगजनी करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सलखुआ थाना का घेराव कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि दो महीने पहले बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसे उसी के चलते बीती रात सोए अवस्था में शत्रुघन यादव की हत्या कर दी गई।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर डीएसपी मुकेश ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित भीड़ को शांत कराने में जुट गए।
हालांकि ग्रामीण आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: शादी से 7 दिन पहले घर में क्या हुआ? सुबह उठे तो दो भाइयों की लाश से मचा हडकंप!