रक्सौल/पूर्वी चंपारण: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। हरैया थाना क्षेत्र स्थित कस्टम चौक के पास भारत-नेपाल मैत्री पुल पर एसएसबी के जवानों ने दो उज्बेकिस्तानी महिला नागरिकों को हिरासत में लिया है। दोनों पर अवैध रूप से भारत में रहने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी जवानों ने नियमित जांच के दौरान दोनों महिलाओं को संदेह के आधार पर रोका। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में उनके भारत में अवैध रूप से रहने की आशंका सामने आई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर हरैया थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान मखफूजा देखकोनोवा (32) और मफतुना किलिचेवा (35) के रूप में हुई है। दोनों उज्बेकिस्तान की निवासी बताई जा रही हैं।
पुलिस दोनों महिलाओं के यात्रा दस्तावेज, वीजा, भारत में प्रवेश और ठहरने की अवधि सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में अवैध रूप से भारत में रहने की बात सामने आई है।
सीमा सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दोनों महिलाएं भारत में कब और किस उद्देश्य से आई थीं और नेपाल जाने के पीछे उनकी क्या मंशा थी। फिलहाल, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : बेटी की डोली उठी… और उसी पल थम गई पिता की सांसें, शादी के घर में छाया मातम!