शेखपुरा: राजगीर से हावड़ा तक चलने वाली स्पेशल ट्रेन के सिरारी रेलवे स्टेशन पर ठहराव को लेकर क्षेत्र में मांग तेज हो गई है। स्थानीय प्रतिनिधि और दानापुर रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य रंजीत कुमार सिंह उर्फ बुधन भाई ने जनहित में इस ट्रेन के ठहराव की मांग उठाई है।
उन्होंने बताया कि राजगीर से शेखपुरा तक ट्रेन कई छोटे-छोटे स्टेशनों पर रुकती है, लेकिन शेखपुरा से लखीसराय के बीच लगभग 30 किलोमीटर के लंबे अंतराल में सिरारी जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन को नजरअंदाज किया गया है।
रंजीत कुमार सिंह के अनुसार, सिरारी रेलवे स्टेशन से करीब 50 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलता है। यह स्टेशन ब्रिटिश काल का पुराना स्टेशन है और रामगढ़, चेवाड़ा तथा आसपास के कई प्रखंडों के लोग इसी स्टेशन से यात्रा करते हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रेन ठहराव और नई रेल सेवाएं सीधे तौर पर जनकल्याण से जुड़ी होती हैं, जिससे आम लोगों की यात्रा सुगम होती है और क्षेत्र का विकास होता है।
इस संबंध में उन्होंने स्थानीय सांसदों — अरुण भारती, विवेक ठाकुर और राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल — के साथ-साथ मंडल रेल प्रबंधक से भी सिरारी स्टेशन पर राजगीर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित को देखते हुए रेलवे प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों को बड़ा लाभ मिल सकेगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : दानापुर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान का शुभारंभ, 5 जून तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम!