मधुबनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेनीपट्टी अंचल कार्यालय में छापेमारी कर एक लिपिक और बिचौलिया को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार लिपिक की पहचान साकेत कुमार के रूप में हुई है, जबकि उसके सहयोगी बिचौलिया परमानंद झा को भी टीम ने दबोचा है। दोनों को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, परजूआर पंचायत के दाहिला गांव निवासी रविन्द्र यादव से जमीन अतिक्रमण खाली कराने के एवज में लिपिक ने 30 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा 15 हजार रुपये में तय हुआ, जिसमें पहली किस्त के तौर पर 10 हजार रुपये दिए जाने थे।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही कार्यालय परिसर में पैसे का लेन-देन शुरू हुआ, पहले से जाल बिछाए निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि संबंधित जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश पहले ही जिला प्रशासन द्वारा दिया जा चुका था, इसके बावजूद सरकारी आदेश के क्रियान्वयन के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को पटना ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से बेनीपट्टी अंचल कार्यालय और आसपास के सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : महंगे शौक ने बदली जिंदगी, बेगूसराय होटल में कॉल गर्ल रैकेट का खुलासा!