महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के अकोला में एक ऐसी बारात निकली, जिसने शादी के पारंपरिक अंदाज से हटकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां दूल्हा घोड़ी या लग्जरी गाड़ी पर नहीं, बल्कि करीब 100 साइकिल सवारों के काफिले के साथ बारात लेकर निकला। इस अनोखी बारात के जरिए प्यार, सेहत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
दूल्हे की पहचान डॉ. विराज के रूप में हुई है। उनकी बारात 19 नवंबर को निकाली गई, जबकि शादी 21 नवंबर को होनी है। इस खास आयोजन में परिवार के सदस्यों के साथ पर्यावरण प्रेमी, साइकिलिंग के शौकीन और अलग-अलग साइकिलिंग क्लबों के सदस्य शामिल हुए।
साइकिलों पर फूलों की सजावट, टी-शर्ट पर लिखा था ‘राइड फॉर लव’
इस बारात को खास बनाने के लिए साइकिलों को फूलों से सजाया गया था। बारात में शामिल लोगों ने एक जैसी ‘राइड फॉर लव’ लिखी टी-शर्ट पहन रखी थी। करीब 100 साइकिल सवारों का यह काफिला जब सड़कों से गुजरा तो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया।
पिता के पर्यावरण प्रेम से मिली प्रेरणा
बताया गया कि दूल्हे के पिता लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करते हैं। उन्हीं से प्रेरित होकर परिवार ने शादी जैसे खास मौके को जागरूकता का माध्यम बनाने का फैसला किया। परिवार का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना था कि साइकिल केवल आने-जाने का साधन नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में भी एक अच्छा विकल्प है।
शादी के जश्न में फिटनेस और पर्यावरण का संदेश
आमतौर पर शादियों में बारात की भव्यता दिखाने के लिए महंगी गाड़ियों और सजावट पर जोर रहता है, लेकिन डॉ. विराज ने साइकिलों के काफिले से एक अलग मिसाल पेश की। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि शादी की खुशियां मनाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी दिखाई जा सकती है।
अकोला की यह ‘राइड फॉर लव’ बारात सिर्फ एक शादी का आयोजन नहीं, बल्कि प्यार, फिटनेस और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को जोड़ने की एक अनूठी पहल बन गई।
ये खबर भी पढ़े: प्रेमी की बारात निकलने से पहले पहुंच गई प्रेमिका; ढोल-नगाड़ों के साथ घर के बाहर डाला डेरा, शामली में रिश्ते का अनोखा विवाद!