समस्तीपुर: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा में लड़की से कथित अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई। वीडियो सामने आने के बाद तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने घटनास्थल की पहचान की। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही लड़की प्रथमदृष्ट्या नाबालिग प्रतीत हो रही है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए BNS, POCSO Act और IT Act की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में घटना 14 अगस्त 2025 की सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान चार आरोपियों की पहचान हुई है।
पुलिस का दावा है कि सूचना मिलने के करीब पांच घंटे के भीतर धर्मेन्द्र सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ही क्यों जागी पुलिस?
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की सक्रियता जरूर सामने आई, लेकिन इस मामले ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि क्या पुलिस की स्थानीय सूचना और निगरानी व्यवस्था इतनी कमजोर है कि किसी घटना की जानकारी वायरल वीडियो के बाद ही मिलती है? हालांकि, पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर घटनास्थल और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाला फोटो, वीडियो या किसी भी तरह का कंटेंट सोशल मीडिया पर साझा न करें। पुलिस ने ऐसे कंटेंट को आगे प्रसारित नहीं करने की सलाह दी है।
ये खबर भी पढ़े: जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की से अभद्रता का वीडियो वायरल, पुलिस ने लिया संज्ञान; 4 युवक गिरफ्तार!