पूर्णिया: अमौर प्रखंड में एक पुराने और जर्जर पुल पर भारी वाहन की आवाजाही ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। तियरपाड़ा पंचायत के आसियानी डगरा घाट पर गिट्टी लदा ट्रक परमान नदी के बीच पहुंचा ही था कि अचानक पुल का हिस्सा टूट गया। पुल टूटते ही ट्रक नदी में जा गिरा और पानी में पूरी तरह समा गया।
घटना करीब 11:30 बजे दिन की बताई जा रही है। नदी में पानी अधिक होने के कारण ट्रक फिलहाल पानी के अंदर डूबा हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रक के चालक और खलासी किसी तरह बाहर निकलकर मौके से चले गए। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
हादसे की सूचना मिलते ही अमौर बीडीओ राजा राम पंडित, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भी भारी भीड़ जुट गई। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और बचाव के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
अमौर बीडीओ राजा राम पंडित ने बताया कि पुल काफी पुराना और पहले से क्षतिग्रस्त था। ऐसे में उस पर भारी ट्रक कैसे पहुंचा और वाहन के परिचालन की अनुमति किस स्तर पर थी, इसकी जांच की जाएगी।
एक पुल टूटा, कई गांवों की राह बंद
पुल टूटने के बाद अमौर और जलालगढ़ के बीच आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है और हजारों लोगों के सामने आने-जाने की समस्या खड़ी हो गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पुल पहले से क्षतिग्रस्त था, तो उस पर गिट्टी लदे भारी ट्रक को गुजरने कैसे दिया गया? हादसे ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन की निगरानी में बचाव एवं राहत की कार्रवाई जारी है। ट्रक को नदी से बाहर निकालने और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय हो सकेगी।
ये खबर भी पढ़े: कार गड्ढे में गिरी तो खुला ‘शराब का राज’; बोतलें दिखते ही टूट पड़ी भीड़, समस्तीपुर में लूट का VIDEO वायरल!