पटना: बिना टिकट या गलत टिकट के साथ ट्रेन में सफर करने वालों पर दानापुर मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को पटना जंक्शन पर चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में 557 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पकड़े गए। रेलवे ने इन यात्रियों से नियमों के तहत कुल 3 लाख 92 हजार 620 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार भी अभियान के दौरान मौजूद रहे।
AC कोचों में भी चला टिकट का ‘चेक’
अभियान के दौरान हटिया–पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक–गुवाहाटी एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों की जांच की गई। खास तौर पर वातानुकूलित आरक्षित कोचों में यात्रियों के टिकट और यात्रा प्राधिकार की जांच की गई।
जांच में 148 बिना टिकट या अनियमित टिकट वाले यात्रियों को AC श्रेणी के कोचों से उतारा गया और नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।
रेलवे ने साफ किया—बिना टिकट सफर पर कार्रवाई जारी रहेगी
दानापुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट और निर्धारित श्रेणी के साथ ही यात्रा करें।
रेलवे के मुताबिक बिना टिकट या अनियमित तरीके से यात्रा करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय है। ऐसे में टिकट बचाने की कोशिश यात्रियों को भारी पड़ सकती है।
ये खबर भी पढ़े: ट्रैक से स्टेशन तक ‘सेफ्टी चेक’, राजेंद्र पुल पर भी बड़ा एक्शन प्लान; सोनपुर मंडल में महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग का सघन निरीक्षण!