जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद में दरधा नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी के बाद शहर के कई निचले इलाकों में पानी घुस गया है। जाफरगंज, अंबेडकर नगर समेत कई मोहल्लों में नदी का पानी फैलने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली जाफरगंज पुलिया के ऊपर करीब तीन से चार फीट तक पानी चढ़ गया है। पुलिया पर पानी भर जाने के कारण कई ग्रामीण इलाकों का शहर से सीधा संपर्क भंग हो गया है। लोग वैकल्पिक रास्तों से आने-जाने को मजबूर हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जाफरगंज पुलिया सहित संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग करा दी है। माइकिंग के माध्यम से लोगों को नदी और जलभराव वाले खतरनाक स्थानों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ प्रभावित इलाकों का खुद दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। हालात की समीक्षा के बाद डीएम ने बताया कि नदी का जलस्तर जरूर बढ़ा है, लेकिन फिलहाल घबराने या गंभीर बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। डीएम ने आश्वासन दिया कि किसी भी इलाके में जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाई जाएगी।
प्रशासन की टीमें मैदान में हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और खतरनाक इलाकों से दूर रहें।
ये खबर भी पढ़े: बांका में 75 हजार की रिश्वत लेते BDO को निगरानी ने किया गिरफ्तार, मामा भी फंसे!