भारत/नेपाल: विदुर नगरपालिका के बेत्रावती गाँव में भोटेकोशी नदी की भीषण बाढ़ में दबे एक तीन मंजिला घर से मंगलवार को 23 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये गोसाईंकुंड जा रहे तीर्थयात्री हो सकते हैं।
उद्धार अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घर के एक कमरे से 21 शव और बाहर से 2 शव मिले हैं। पिछले बुधवार को भोटेकोशी होते हुए त्रिशूली नदी में आई बाढ़ ने इस मकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था।
नुवाकोट के एसपी विपिन रेग्मी ने बताया, “एक ही कमरे में 21 और बाहर 2 शव मिले हैं। एक शव विदेशी नागरिक का जैसा दिखता है। शवों के साथ बैग भी मिले हैं। संभवतः ये गोसाईंकुंड जाने वाले यात्री हो सकते हैं।”
एसपी रेग्मी के अनुसार, बाढ़ का पानी बढ़ने पर लोग बचने के लिए घर की ऊपरी मंजिल पर चले गए थे। शव छत के ठीक नीचे वाले कमरे में मिले हैं। एक महिला का शव छोटी बच्ची को गोद में कसकर पकड़े हुए अवस्था में मिला है। आशंका है कि दोनों मां-बेटी हो सकती हैं।
पुलिस का कहना है कि लोग बाढ़ से बचने के लिए एक जगह इकट्ठा हो गए थे, लेकिन उसी दौरान पूरा समूह बाढ़ में दब गया।
बरामद 23 शवों में से 8 को त्रिशूली अस्पताल ले जाया गया है, जबकि बाकी शव अभी घर की छत पर रखे हुए हैं। उनकी पहचान का काम जारी है।
ये खबर भी पढ़े: नेपाल में त्रिशूली बाजार का खौफनाक मंजर; जहां थी रौनक, वहां अब सिर्फ मलबा और तबाही!