हाजीपुर: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने बिहार में छात्र आंदोलनों, बढ़ते अपराध और लगातार हो रही हत्याओं के विरोध में 16 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है। हाजीपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सांसद ने मीडिया से बातचीत के दौरान यह घोषणा की।
पप्पू यादव ने कहा कि उनकी भूख हड़ताल का मुख्य उद्देश्य छात्रों की मांगों के समर्थन में आवाज उठाना और बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ते अपराध, हत्या की घटनाएं और युवाओं से जुड़े कई मुद्दे गंभीर चिंता का विषय हैं।
सांसद ने कहा कि बीपीएससी से जुड़े मामलों, प्रोन्नति (प्रमोशन) में पेशेवर योग्यता के सवाल और हिंदी के मुकाबले अंग्रेजी को अधिक प्राथमिकता दिए जाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि छात्र और युवा अपने अधिकारों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और उनकी आवाज को मजबूती देने के लिए यह भूख हड़ताल आयोजित की जा रही है।
मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने राष्ट्रीय राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार दबाव बनाए रखेगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी राजनीतिक बयान दिए।
पप्पू यादव ने कहा कि 16 अगस्त को होने वाली भूख हड़ताल के माध्यम से छात्रों, युवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने समर्थकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पानी की मुख्य धारा में खड़े होकर ग्रामीणों ने निकाली तिरंगा यात्रा, बुनियादी सुविधाओं की उठाई मांग!