लखीसराय: श्रावणी मेला-2026 में बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुगम यात्रा को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने 12 जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से बिहार, झारखंड और आसपास के राज्यों से देवघर जाने वाले शिव भक्तों को काफी सुविधा मिलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग रूटों से किया जाएगा, जिससे सामान्य ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं को यात्रा में परेशानी नहीं होगी।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कई श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें लखीसराय, किउल, जमालपुर, सुलतानगंज और भागलपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। इससे लखीसराय सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को बाबा धाम पहुंचने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
पहली ट्रेन जयनगर-आसनसोल-जयनगर श्रावणी मेला स्पेशल (05597/05598) होगी, जो मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, झाझा और जसीडीह के रास्ते चलेगी। यह ट्रेन 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।
रक्सौल-देवघर-रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल (05545/05546) भी श्रद्धालुओं के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, जमालपुर और भागलपुर के रास्ते देवघर पहुंचेगी। इसका परिचालन 31 जुलाई से 30 अगस्त तक सप्ताह में तीन दिन होगा।
राघोपुर-देवघर-राघोपुर श्रावणी मेला स्पेशल (05573/05574) का परिचालन प्रतिदिन किया जाएगा। यह ट्रेन सुपौल, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, सुलतानगंज और भागलपुर होते हुए देवघर पहुंचेगी। यह ट्रेन 28 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक चलेगी।
दानापुर-साहिबगंज-दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल (03236/03235) का परिचालन 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को किया जाएगा। यह ट्रेन मोकामा, किउल, सुलतानगंज और भागलपुर के रास्ते चलेगी।
पटना-इस्लामपुर-पटना श्रावणी मेला स्पेशल (03297/03298) भी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगी। यह ट्रेन पटना जंक्शन से राजेंद्र नगर, पटना साहिब, फतुहा, हिलसा और एकंगरसराय होते हुए इस्लामपुर तक जाएगी।
इसके अलावा हावड़ा-नटेसर-हावड़ा, रांची-भागलपुर-रांची, रांची-भागलपुर दूसरी स्पेशल, बढ़नी-देवघर-बढ़नी, इतवारी-मधुपुर-इतवारी, आसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल और आसनसोल-पटना-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का भी परिचालन किया जाएगा।
खास तौर पर रांची से भागलपुर जाने वाली दोनों स्पेशल ट्रेनें लखीसराय और किउल होकर गुजरेंगी। इससे झारखंड और बिहार के कई जिलों के श्रद्धालुओं को देवघर जाने के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान उचित टिकट लेकर सफर करें और ट्रेन के समय की जानकारी पहले प्राप्त कर लें। सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले शिव भक्तों की सुविधा को लेकर रेलवे पूरी तरह तैयार है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए JJD अध्यक्ष तेजप्रताप यादव, वकील ने गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल!
