देवघर: श्रावणी मेला 2026 में इस बार श्रद्धालुओं को एक नया और खास अनुभव मिलने जा रहा है। बाबा बैद्यनाथ धाम में लाखों कांवरियों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज का सफल परीक्षण कर लिया है। अब बाबा मंदिर तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुरक्षित होगा।
रविवार देर शाम उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की मौजूदगी में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस फुट ओवरब्रिज का ट्रायल किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसकी उपयोगिता पर संतोष जताया।
भीड़ से मिलेगी राहत, दर्शन होंगे आसान
श्रावणी मेला के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं, जिससे मंदिर परिसर में भारी भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। ऐसे में यह फुट ओवरब्रिज श्रद्धालुओं के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं होगा।
इसके माध्यम से श्रद्धालुओं की कतारें अधिक व्यवस्थित होंगी, भीड़ का दबाव नियंत्रित रहेगा और जलार्पण की प्रक्रिया पहले से ज्यादा सुगम और सुरक्षित बन सकेगी।
सालभर मिलेगा फायदा
यह सुविधा केवल श्रावणी मेला तक सीमित नहीं रहेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस फुट ओवरब्रिज से पूरे साल मंदिर क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी और आवागमन में आसानी होगी।
प्रशासन का भी मानना है कि यह कदम देवघर में भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को नई दिशा देगा।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: सिमडेगा में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, लाखों के जेवरात-नकदी संग दो गिरफ्तार!