हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गई है। बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित तेरह माईल के पास शनिवार रात करीब 11 बजे घात लगाए अपराधियों ने कोयला ढुलाई में लगे हाईवा वाहनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की छानबीन शुरू की।
अपराधियों ने वाहनों के शीशे तोड़े, इलाके में दहशत
मौके पर मौजूद चालकों के मुताबिक, तीन अपराधी पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही दो हाईवा वाहन वहां से गुजरे, अपराधियों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस और चालकों के अनुसार मौके पर करीब 7 राउंड फायरिंग हुई। इसके बाद हमलावरों ने लोहे की रॉड से दोनों वाहनों के शीशे तोड़ दिए और दहशत फैलाते हुए फरार हो गए।
मौके से मिला पर्चा, ‘प्रिंस खान K.S.S.’ का आया नाम
घटनास्थल से पुलिस को ‘प्रिंस खान K.S.S.’ के नाम का एक पर्चा बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इस घटना के तुरंत बाद ‘प्रिंस खान’ के नाम से एक ऑडियो जारी हुआ, जिसने पुलिस के दावों को खारिज करते हुए मामला और गरमा दिया है। ऑडियो में दावा किया गया कि मौके पर 7 नहीं बल्कि 40 राउंड फायरिंग कराई गई, 5 गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया और 8 पर्चे छोड़े गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
कोयला परिवहन पर हो रहे लगातार हमलों से ट्रांसपोर्टरों और चालकों के बीच भारी खौफ का माहौल है। यह इस साल की पहली घटना नहीं है; इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी इसी क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक हाईवा वाहन को आग के हवाले कर दिया था।
एनटीपीसी परियोजना प्रबंधन ने इसे एक गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए जिला प्रशासन से कड़ी और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हर पहलू को खंगाला जा रहा है और अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और इस वारदात के कारण कोयला ढुलाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: छुट्टी के बदले मांगी रिश्वत, कोख में ही थम गईं सांसें, झारखंड के पलामू से आई दर्दनाक खबर, शिक्षा विभाग पर उठे गंभीर सवाल!