मुंगेर। एक रात की बारिश ने नगर निगम और प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी। तोपखाना बाजार से मिर्ची तालाब जाने वाले रास्ते पर जिला स्कूल के पीछे सड़क कई जगह धंस गई, जिससे साफ हो गया कि विकास के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है।
स्थिति इतनी बदतर रही कि गड्ढा भरने पहुंचा नगर निगम का ट्रैक्टर-ट्रॉली ही सड़क में धंसकर फंस गया। यानी जो व्यवस्था सुधारने आई, वही खुद व्यवस्था की बदहाली का शिकार बन गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवरेज और जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की सही तरीके से भराई नहीं की गई। नतीजा—सड़क अंदर से खोखली हो चुकी है और हर बारिश में जमीन धंस रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस रास्ते से रोज स्कूली बच्चे, बाइक और चारपहिया वाहन गुजरते हैं, तो आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद हर बार सिर्फ लीपापोती की जाती है। स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अब स्थानीय नागरिकों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द तकनीकी जांच कर स्थायी मरम्मत नहीं की गई, तो आंदोलन किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पटना में ज्वेलरी कारोबारी के घर डकैती, 9 हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बना लूटा 200 ग्राम सोना!