रांची: श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने तीन विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। ये स्पेशल ट्रेनें जयनगर-आसनसोल, रक्सौल-देवघर और इतवारी-मधुपुर के बीच चलाई जाएंगी। इससे बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों से देवघर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, जयनगर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (05597) का परिचालन 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को जयनगर से रात 9 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में 05598 आसनसोल-जयनगर स्पेशल ट्रेन 1 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगी। यह ट्रेन आसनसोल से दोपहर 1 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 6 बजे जयनगर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और सिमुलतला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। इसमें यात्रियों के लिए सामान्य द्वितीय श्रेणी और स्लीपर कोच की सुविधा उपलब्ध होगी।
रक्सौल से देवघर तक सीधी सुविधा
श्रद्धालुओं के लिए दूसरी बड़ी सुविधा रक्सौल-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (05545) के रूप में मिलेगी। यह ट्रेन 31 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रत्येक शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को चलेगी। रक्सौल से यह ट्रेन रात 12:30 बजे रवाना होकर उसी दिन शाम 5:05 बजे देवघर पहुंचेगी।
वापसी में 05546 देवघर-रक्सौल स्पेशल ट्रेन शाम 6:05 बजे देवघर से खुलेगी और अगले दिन सुबह 11:40 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव बांका, बराहाट, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर रहेगा। खासकर सुल्तानगंज से जल लेकर देवघर जाने वाले कांवरियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इतवारी-मधुपुर ट्रेन में एसी चेयर कार की सुविधा
तीसरी विशेष ट्रेन 08895 इतवारी-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल होगी। इसका परिचालन 1 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा। यह ट्रेन इतवारी से सुबह 4:30 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 6 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वापसी में 08896 मधुपुर-इतवारी स्पेशल ट्रेन 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। यह मधुपुर से सुबह 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:50 बजे इतवारी पहुंचेगी।
इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित चेयर कार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर रेलवे का फोकस
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु देवघर और आसपास के धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को भीड़ और सीट की समस्या से राहत मिल सके।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और उपलब्धता की जानकारी जरूर ले लें। श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: सीतामढ़ी का ‘रॉबिनहुड’ चोर! रांची में करोड़ों की चोरी का मास्टरमाइंड, 20 राज्यों की पुलिस के लिए बना सिरदर्द!