शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मुंबई में हत्या के बाद युवक का शव गांव पहुंचते ही आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने खाजेपुर पुल के पास शव को सड़क पर रखकर शिवहर-मुजफ्फरपुर राज्यमार्ग को जाम कर दिया।
इस अचानक जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया और प्रशासन को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले मुंबई में बैद्यनाथपुर गांव के तीन सगे भाइयों—धीरज ठाकुर, नीरज ठाकुर और सूरज ठाकुर—पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में धीरज ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
गुरुवार की सुबह जैसे ही धीरज ठाकुर का शव गांव पहुंचा, परिजनों का दुख गुस्से में बदल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मृतक के पिता अवधेश ठाकुर ने रोते-बिलखते हुए आरोप लगाया कि खाजेपुर निवासी एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते पैसे देकर उनके बेटे की हत्या करवाई है। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई।
वहीं तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। उन्होंने कहा कि चूंकि घटना मुंबई में हुई है, इसलिए कानूनी कार्रवाई वहीं की पुलिस द्वारा की जाएगी। हालांकि स्थानीय स्तर पर शांति बहाल करने और जाम हटवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : मंदिर में हादसा… जिम्मेदार कौन, जवाब अभी भी गायब!
शिवहर से अजीत मिलन की रिपोर्ट…