पाकुड़: कभी चुनावी मैदान में एनडीए प्रत्याशी के तौर पर चर्चा में रहे अजहर इस्लाम अब कानूनी मामलों को लेकर सुर्खियों में हैं। सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम से कथित विवाद के बाद अब उनके खिलाफ बाल श्रम मामले में भी प्राथमिकी दर्ज हो गई है।
जानकीनगर स्थित अजहर इस्लाम के घर से नाबालिग के काम करने का मामला सामने आने के बाद श्रम विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अनुप्रिया सोरेन की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में बाल एवं अल्पवयस्क श्रमिक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
बताया गया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान घर से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया था, जिसे बाद में बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया। श्रम विभाग ने इसे कानून का उल्लंघन बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
वहीं, अजहर इस्लाम पर पहले से ही पुलिस कार्रवाई का मामला चल रहा है। जमीन विवाद से जुड़े मामले में निषेधाज्ञा के बावजूद काम कराने और जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोप में पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
एक तरफ पुलिस पुराने मामले में गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, वहीं दूसरी तरफ श्रम विभाग की FIR ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि लगातार बढ़ते कानूनी शिकंजे के बीच अजहर इस्लाम का अगला कदम क्या होता है।