पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नितिन नबीन को हाल ही में पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। अपने सरल और सौम्य स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले नितिन नबीन उस वक्त सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की छवि खराब करने को लेकर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की फिल्म के निर्देशक को कानूनी नोटिस भेजा था।
दरअसल, वर्ष 2016 में निर्देशक प्रकाश झा की फिल्म ‘जय गंगाजल’ रिलीज हुई थी, जिसमें अभिनेता मानव कौल को बांकीपुर से विधायक के रूप में दिखाया गया था। फिल्म में विधायक की छवि एक दबंग और अपराधी नेता के तौर पर प्रस्तुत की गई थी। उस समय बांकीपुर से नितिन नबीन विधायक थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि फिल्म के जरिए न सिर्फ उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाया गया, बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र की बदनामी की गई है। इस मामले को लेकर नितिन नबीन ने प्रकाश झा को कानूनी नोटिस भेजा और पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। बाद में फिल्म निर्माता को माफी मांगनी पड़ी थी।
Bihar News : हिजाब हटाने पर मचा सियासी तूफान! नीतीश कुमार पर सवाल, विपक्ष आगबबूला!
नितिन नबीन के पिता नवीन प्रसाद सिन्हा पश्चिम पटना से भाजपा के कद्दावर विधायक रहे हैं। नितिन पहले राजनीति में नहीं आना चाहते थे। बीटेक की पढ़ाई के दौरान उन्होंने दोस्तों से कहा था कि वह कभी राजनीति में नहीं आएंगे, लेकिन पिता के निधन के बाद उन्हें राजनीतिक विरासत संभालनी पड़ी। महज 26 वर्ष की उम्र में उन्होंने चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।
करीबी बताते हैं कि नितिन नबीन पहले काफी दुबले-पतले थे और उन्हें मोटा होने के लिए ताड़ी पीने की सलाह भी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे कभी स्वीकार नहीं किया। वे आगे की पढ़ाई कर यूपीएससी की तैयारी करना चाहते थे, मगर परिस्थितियों के चलते उनका रुझान राजनीति की ओर हो गया।
कार्यकर्ताओं के अनुसार नितिन नबीन का स्वभाव बेहद शांत है। वे कभी ऊंची आवाज में बात नहीं करते और सभी को परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं। उनके इसी व्यवहार और संगठन के प्रति समर्पण के कारण आज उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।






