मुजफ्फरपुर: जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान गायघाट थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हनुमान नगर गांव में छापेमारी कर 2.435 किलो स्मैक, 2.10 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए। मामले में पुलिस ने भाई-बहन शिव शंकर कुमार और अंशु कुमारी को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हनुमान नगर स्थित एक घर से स्मैक की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर घर की तलाशी ली, जहां 2,015 पुड़ियों में रखी स्मैक बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
घर से ही स्मैक की बिक्री का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में घर से ही नशीले पदार्थ की बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में गायघाट थाना कांड संख्या 300/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
परिवार के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच
पुलिस जांच में परिवार के कुछ सदस्यों के पूर्व में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत, मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: रोहिणी आचार्य की पटना वापसी से तेजस्वी की बढ़ी मुश्किल, MLC चुनाव से पहले डबल चैलेंज!