न्यायालय कर्मी से आइएएस बने महेश कुमार का रविवार को शेखपुरा में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एक दिन के दौरे पर पहुंचे महेश को स्थानीय विधायक विजय सम्राट ने गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। महेश ने प्रतिष्ठित आइएएस परीक्षा में सफलता हासिल कर न्यायालय कर्मियों को गर्व का अवसर दिया है। उन्हें बिहार कैडर मिला है। फिलहाल पूर्णिया जिला प्रशासन में वरीय उपसमाहर्ता के पद पर प्रशिक्षु के रूप में कार्यरत हैं।
महेश कुमार ने स्वागत करने वालों का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि शेखपुरा उनके जीवन का अहम हिस्सा रहेगा। मूल रूप से वह मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं। लेकिन शेखपुरा ने उन्हें जीवन के अनमोल पल दिए। उन्होंने बताया कि यहां के न्यायिक अधिकारियों, सहकर्मियों और आम लोगों ने उन्हें आगे बढ़ने में पूरा सहयोग दिया। इस मौके पर महेश ने चयन, प्रशिक्षण और योगदान से जुड़े अनुभव साझा किए।