गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में छह वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है। श्रीपुर थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव के रहने वाले विवेक कुमार का शव सोमवार देर शाम गांव के पास हथुआ शाखा गंडक नहर से बरामद किया गया। बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक की पहचान भटवलिया गांव निवासी वीरा माझी के छह वर्षीय पुत्र विवेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है।
दोपहर से लापता था बच्चा, शाम को नहर में मिला शव
जानकारी के अनुसार, विवेक सोमवार दोपहर करीब तीन बजे से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। इसी दौरान देर शाम ग्रामीणों ने हथुआ शाखा गंडक नहर के किनारे बच्चे का शव देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान विवेक के रूप में की।
हत्या की आशंका, कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में सिर पर गंभीर चोट के कारण मौत होने और शव को नहर में फेंके जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर अभी आधिकारिक रूप से स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस रंजिश, अपहरण समेत विभिन्न संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही बच्चे की मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये खबर भी पढ़े: मंच से पवन सिंह ने अक्षरा सिंह से मांगी माफी, बोले- ‘वो मेरा बाबू-बच्चा’; फिर साथ दिखने के दिए संकेत, ज्योति सिंह पर उठे सवाल!