लखीसराय: जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ संवेदनशीलता की अनोखी तस्वीर सामने आई, जब मिथिलेश मिश्रा ने सोमवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्लड बैंक की व्यवस्था का गहन जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में रक्त की कमी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त यूनिट, उनकी गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने और आम लोगों को इसके प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
इस दौरान एक प्रेरणादायक पहल करते हुए मिथिलेश मिश्रा ने स्वयं रक्तदान किया, जिससे वहां मौजूद लोग काफी उत्साहित हुए। उनके इस कदम ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में एक गर्भवती महिला को तत्काल रक्त की जरूरत पड़ी। समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए विकास कुमार और राहुल कुमार ने भी रक्तदान किया, जिससे महिला का सफल इलाज संभव हो सका और उसकी जान बच गई। परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। इस मौके पर डॉ.कुमार अमित भी मौजूद रहे।
डीएम ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी की जिंदगी बचाने का सबसे सरल माध्यम है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से रक्तदान करें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को यह भी निर्देश दिया कि ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि किसी भी मरीज को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह पहल न सिर्फ प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत करती है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : लखीसराय में टीबी के खिलाफ बड़ा अभियान… 100 दिन में होगा असर!