बोकारो: सेक्टर-12 क्लब मोड़ स्थित फुटपाथ दुकानदारों को हटाने के लिए बोकारो स्टील प्रबंधन (BSL) द्वारा जारी नोटिस के खिलाफ अब विरोध तेज हो गया है। बोकारो जिला दुकानदार संघ ने इस कार्रवाई पर कड़ा एतराज जताते हुए इसे गरीबों की रोज़ी-रोटी पर सीधा हमला बताया है।
संघ के नेता लालू सिंह कुशवाहा ने कहा कि फुटपाथ दुकानदार रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं बेचकर न सिर्फ आम लोगों की जरूरत पूरी करते हैं, बल्कि इसी से उनके परिवार का भरण-पोषण भी होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसएल प्रबंधन बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानदारों को हटाने पर अड़ा हुआ है, जो पूरी तरह अनुचित है।
उन्होंने यह भी कहा कि दुकानदार किराया देने को तैयार हैं, बावजूद इसके उन्हें हटाने की कोशिश की जा रही है। संघ ने बोकारो के उपायुक्त (DC) से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। नेताओं ने चेतावनी दी कि पहले प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा और यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने को मजबूर होंगे।
दुकानदार संघ के नेताओं का कहना है कि यदि इन दुकानदारों को हटाया गया तो कई परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएंगे। ऐसे में संघ ने साफ कर दिया है कि किसी भी कीमत पर दुकानों को हटाने नहीं दिया जाएगा।
इस मुद्दे को लेकर इलाके में तनाव बढ़ता जा रहा है और अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: 3 साल बाद अचानक नोटिस… घर छोड़ो या हटो, बोकारो में मचा बवाल!