पटना से खेल जगत की बड़ी खबर सामने आई है, जहां 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर मेन नेशनल चैंपियनशिप 2026 में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश को 3-1 से हरा दिया। यह मुकाबला राजगीर खेल अकादमी में खेला गया, जहां देशभर की टीमें अपनी प्रतिभा का दम दिखा रही हैं।
डिवीजन B के पूल B में खेले गए इस मुकाबले में बिहार ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम के कप्तान अभय सिंह ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 6वें और 11वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिला दी। शुरुआती बढ़त ने बिहार के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा दिया और टीम ने मैच पर पकड़ बनाए रखी।
इसके बाद 28वें मिनट में अमृतांशु पांडे ने एक और गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया, जिससे बिहार की स्थिति और मजबूत हो गई। हालांकि हिमाचल प्रदेश की टीम ने 31वें मिनट में पंकज वर्मा के जरिए एक गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन वह सिर्फ सांत्वना गोल ही साबित हुआ।
इस जीत के साथ बिहार ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। टीम का संतुलित खेल और खिलाड़ियों का तालमेल देखने लायक रहा।
वहीं, टूर्नामेंट के अन्य मुकाबलों में भी कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिल्ली हॉकी ने हॉकी गुजरात को 30-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की, जबकि उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर और मिजोरम की टीमों ने भी अपने-अपने मैच जीते। असम और पुडुचेरी के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा।
राजगीर में चल रही इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हर दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। बिहार की इस जीत ने राज्य के खेल प्रेमियों में उत्साह भर दिया है और अब सभी की नजर टीम के अगले मुकाबले पर टिकी है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : दूसरे हाफ में बरसे गोल, लखीसराय ने शिवहर को 4-0 से हराकर प्री-क्वार्टर में बनाई जगह!