शेखपुरा: पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय बरबीघा में 14 बिहार बटालियन एनसीसी के कैडेट्स के बीच ‘मेरे सपनों का भारत—सेवा यात्रा’ थीम पर पेंटिंग एवं अभिभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एनसीसी के कई जे.डी. और जे.डब्ल्यू. कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपने विचारों और कल्पनाओं को भाषण तथा चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए बताया कि वे अपने सपनों के भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं।
भाषण प्रतियोगिता में रागिनी कुमारी ने प्रथम, रजनी कुमारी ने द्वितीय और मनीष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में मनीषा कुमारी प्रथम, तनु कुमारी द्वितीय तथा सुदर्शन कुमार एवं मुस्कान कुमारी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।

एनसीसी के एसोसिएट ऑफिसर सेकंड ऑफिसर सह राजकीय शिक्षक सम्मान प्राप्त शिक्षक गोपाल जी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में देश के प्रति सेवा भावना, रचनात्मक सोच और अपने भविष्य के भारत की कल्पना को अभिव्यक्त करने का अवसर देना था। उन्होंने कहा कि कैडेट्स ने अपने विचारों को काफी रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को एनसीसी के एसोसिएट ऑफिसर सेकंड ऑफिसर गोपाल जी तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं वरीय शिक्षक संघ के जिला सचिव राजीव कुमार ने सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी दिन विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। संगोष्ठी के दौरान कक्षा 6 से 8वीं तक के विद्यार्थियों को उनके प्रगति पत्रक भी प्रदान किए गए। इसके अलावा अमरेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
ये खबर भी पढ़े: बिहार में सुरक्षित नहीं बेटियां? मुजफ्फरपुर में किशोरी से छेड़खानी का CCTV वायरल!