औरंगाबाद के दाऊदनगर में पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को IPS अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहा था। इस फर्जी अफसर की सच्चाई तब सामने आई, जब एक व्यवसायी ने उसकी चालबाजी को भांप लिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी राजेश शुक्ला के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने दाऊदनगर के एक व्यवसायी से खुद को IPS अधिकारी बताकर पहले 47 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए और फिर 1.20 लाख रुपये की और मांग करने लगा।
जैसे ही मामले की जानकारी पुलिस को मिली, दाऊदनगर थाना सक्रिय हो गया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को हनुमान मंदिर के पास से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई, जब पुलिस ने आरोपी के सूटकेस की तलाशी ली। उसमें से कई फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेज बरामद हुए। इनमें IPS लिखे आई-कार्ड, NIA और अन्य एजेंसियों के नकली कार्ड, पुलिस की टोपी, और अलग-अलग संस्थाओं के फर्जी नियुक्ति पत्र शामिल हैं। यहां तक कि आरोपी ने अपने नाम से राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के भी नकली पहचान पत्र बना रखे थे।
एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी के खिलाफ दाऊदनगर थाना में कांड संख्या 221/26 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि ठग अब नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है, ताकि कोई भी इस तरह के झांसे में न आए।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : जिसने जन्म दिया, उसी ने छीन ली जिंदगी… गोपालगंज से झकझोर देने वाली घटना!
औरंगाबाद से दीनानाथ मौआर का रिपोर्ट…