लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों से क्रमवार जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें। उन्होंने खास तौर पर आगामी जनगणना को लेकर चल रहे स्वगणना अभियान पर जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी 1 से 2 दिनों के भीतर अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूरी कर लें।
डीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी सहयोग और सूचनाओं के नियमित आदान-प्रदान के जरिए कार्यों को गति दें।
समय पालन पर सख्ती दिखाते हुए उन्होंने कहा कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय पहुंचें और अपने कार्यों का निष्पादन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। साथ ही लंबित मामलों के जल्द निपटारे और आम जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मो. मुस्तकीम, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का समापन बिहार गीत के साथ हुआ।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : सर्वे हुआ… वादे हुए… लेकिन ट्रेन कब चलेगी? जनता ने सरकार को घेरा!
