नालंदा के नूरसराय स्थित अजयपुर गांव में हुई शर्मनाक घटना ने पूरे बिहार को झकझोर दिया है। इस मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव खुद पीड़िता से मिलने पहुंचे और सिस्टम पर जमकर हमला बोला।
पीड़िता से मुलाकात के बाद पप्पू यादव ने सीधे तौर पर समाज और प्रशासन दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा—“आज 80 से 90 प्रतिशत युवा नशे की गिरफ्त में हैं, यही वजह है कि इंसानियत खत्म होती जा रही है और बेटियां असुरक्षित हो रही हैं।”
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि सख्त और दिखने वाली सजा जरूरी है। पप्पू यादव ने दोषियों के लिए “सड़क पर ट्रायल” की मांग करते हुए कहा कि अपराधियों को ऐसी सजा मिले, जो पूरे समाज के लिए नजीर बने।
पटना में हाल ही में हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि कोई भी महिला सुरक्षित महसूस नहीं कर रही। यह सिर्फ कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि समाज के गिरते स्तर का भी संकेत है।
फिलहाल पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बाकी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। लेकिन इस पूरे मामले ने एक बार फिर बिहार में सुरक्षा और नशे के बढ़ते खतरे पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : धान खरीद में खेल या सिस्टम फेल? लखीसराय DM पर सरकार का शिकंजा!
नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट…