पटना: बिहार में नवंबर के महीने में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम ‘अकवान’ से जुड़े मौसमी बदलाव का असर राज्य के कई जिलों में दिखाई देने लगा है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम के इस बदले मिजाज ने ठंड का एहसास बढ़ाने के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
21 नवंबर की सुबह मुंगेर, बांका और नालंदा में तेज बारिश की खबर है। जमुई और खगड़िया में भी हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि समस्तीपुर, जहानाबाद, बेगूसराय और पटना समेत कई इलाकों में बादलों का असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवा की संभावना जताई है।
भागलपुर-कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को भागलपुर और कटिहार जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की आशंका है।
राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के बुलेटिन में भी 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान दिया गया है।
पटना से नालंदा तक बदला मौसम का मिजाज
राजधानी पटना में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। नालंदा में सुबह से बादल छाए रहने के बाद बारिश शुरू हुई। मुंगेर और बांका में भी तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया। जमुई और खगड़िया में रात से ही रुक-रुककर बारिश होने की सूचना है।
समस्तीपुर में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव अगले 24 से 36 घंटे तक रह सकता है। इस दौरान जिले के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
धान की कटाई के बीच बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुश्किल
मौसम का यह बदलाव ऐसे समय आया है, जब खेतों में धान की फसल तैयार है और कई इलाकों में कटाई का काम चल रहा है। किसानों को आशंका है कि बारिश के कारण हार्वेस्टर से कटाई प्रभावित हो सकती है। खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल भीगने से नुकसान होने का खतरा है।
खुले में रखे अनाज को सुरक्षित रखने और कटी हुई फसल को बारिश से बचाने की चुनौती किसानों के सामने है। मौसम की अनिश्चितता के कारण कटाई और उपज को सुखाने का काम भी प्रभावित हो सकता है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग की सलाह के अनुसार, किसान कटी हुई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें। जरूरत पड़ने पर तिरपाल से ढकें और खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था बनाए रखें। बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें। बिजली चमकने पर पेड़ों के नीचे या खुले स्थान पर खड़े न रहें।
अगले 24 से 36 घंटे मौसम पर नजर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी हवाओं और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण बिहार के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में 21 और 22 नवंबर को विशेष रूप से पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम पर नजर रखना जरूरी होगा।
एक तरफ बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता गहरा गई है। अब सबकी निगाहें अगले दो दिनों के मौसम पर टिकी हैं।
ये खबर भी पढ़े: गाय की मौत पर निकली शाही अंतिम यात्रा; बैंड-बाजा, फूलों की गाड़ी और भजन, गौरी को परिवार ने दी भावुक विदाई!