पटना: पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 37वीं ईस्ट जोन जूनियर नेशनल एथलेटिक्स मीट-2026 का समापन गुरुवार को हुआ। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं बिहार एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में ईस्ट जोन के बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग और एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के समापन पर ओडिशा ने चैंपियन का खिताब हासिल किया, जबकि बिहार ने 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य पदकों के साथ उपविजेता स्थान प्राप्त किया। ओडिशा के खिलाड़ियों ने 24 स्वर्ण, 21 रजत और 19 कांस्य पदक हासिल किए। बिहार के खिलाड़ियों ने कई व्यक्तिगत और रिले स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में दूसरा स्थान बनाया।
समापन समारोह में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय, पूर्व निदेशक संजय कुमार सिन्हा और बिहार एथलेटिक्स संघ के सचिव लियाकत अली मौजूद रहे। अधिकारियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
बिहार एथलेटिक्स संघ के सचिव लियाकत अली ने कहा कि इस बार बिहार के खिलाड़ियों ने पहले की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम पदकों की संख्या में भी दिखाई दिया और बिहार ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।
बिहार के खिलाड़ियों ने इन स्पर्धाओं में जीते पदक
अंडर-18 बालक शॉटपुट: बिहार के शुभम राज ने स्वर्ण और देव राज ने कांस्य पदक जीता। असम के स्निग्धो प्रतिमो को रजत मिला।
अंडर-20 बालिका हैमर थ्रो: बिहार की पलक कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा की अंकिता मोहपात्रा को रजत और सुष्मिता बेहरा को कांस्य मिला।
अंडर-20 बालिका 3000 मीटर: झारखंड की सोनम कुमारी और मंजू कुमारी ने क्रमशः स्वर्ण और रजत जीता, जबकि बिहार की साधना यादव ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
अंडर-20 बालक 3000 मीटर स्टीपलचेस: बिहार के आयुष कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। पश्चिम बंगाल के विश्वजीत सौव को रजत और सिक्किम के अंचल राय को कांस्य मिला।
अंडर-20 बालक 4×400 मीटर रिले: बिहार की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। झारखंड को रजत और ओडिशा को कांस्य मिला।
अंडर-16 बालक 1000 मीटर मिडले रिले: बिहार ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि ओडिशा को रजत और पश्चिम बंगाल को कांस्य मिला।
अंडर-18 बालिका 1000 मीटर: बिहार की खुशी कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता। पश्चिम बंगाल की रिवाना सुल्ताना को रजत और बर्षा प्रमानीक को कांस्य मिला।
अंडर-18 बालक 1000 मीटर: झारखंड के संतोष कुमार ने स्वर्ण जीता। बिहार के पीयूष केसरी ने रजत और बिहार के ही राज सिन्हा ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-14 बालक ट्राईथलॉन ग्रुप-सी: झारखंड के हिमांशु कुमार ने स्वर्ण जीता। बिहार के प्रशांत कुमार ने रजत और प्रिंस कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-14 बालिका ट्राईथलॉन ग्रुप-सी: पश्चिम बंगाल की जोइता पाखीरा ने स्वर्ण और अनुष्का सामंता ने रजत जीता। बिहार की बिंदिया कुमारी को कांस्य पदक मिला।
अंडर-16 बालिका 1000 मीटर मिडले रिले: झारखंड ने स्वर्ण, पश्चिम बंगाल ने रजत और बिहार ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-18 बालक हेप्टाथलॉन: बिहार के आकाश अश्विनी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। पश्चिम बंगाल के देब मंडल को रजत और मेगाधरी साहा को कांस्य मिला।
अंडर-16 बालक जेवलिन थ्रो: बिहार के किसु सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। असम के मुग्धा पुरान बोरो को रजत और पश्चिम बंगाल के गौरव बाउरी को कांस्य मिला।
अन्य प्रमुख स्पर्धाओं में ये रहे विजेता
अंडर-16 बालक हाई जंप में मणिपुर के लांगजम टॉमक्रूस ने स्वर्ण, पश्चिम बंगाल के सौमिक घोष ने रजत और ओडिशा के दिलीप मल्लिक ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-20 बालक 800 मीटर में पश्चिम बंगाल के रुद्रजीत करमाकर स्वर्ण, झारखंड के राहुल ऑरोन रजत और बिहार के विकास सिंह कांस्य पदक विजेता रहे।
अंडर-20 बालिका 800 मीटर में अरुणाचल प्रदेश की यानु माने ने स्वर्ण, झारखंड की चिंतामणि टूटी ने रजत और जैकलीन खेस ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-20 बालक 200 मीटर में असम के कौशिक गगोई ने स्वर्ण, ओडिशा के प्रतीक महाराणा ने रजत और मेघालय के इरमानविल रेमे ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-18 बालिका 200 मीटर में असम की धृतिमा डेका ने स्वर्ण, झारखंड की ममता मेरी मुर्मू ने रजत और असम की ब्रिस्ति गगोई ने कांस्य जीता।
अंडर-18 बालक 200 मीटर में ओडिशा के हिमांशु बेहरा ने स्वर्ण और आयुष्मान महापात्रा ने रजत पदक जीता। झारखंड के रिशु राज को कांस्य मिला।
अंडर-20 बालिका 400 मीटर बाधा दौड़ में झारखंड की शिवानी कुमारी ने स्वर्ण, ओडिशा की बसंती मांझी ने रजत और मनीषा लाकड़ा ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-20 बालक 400 मीटर बाधा दौड़ में ओडिशा के लूसेन खमारी ने स्वर्ण, पश्चिम बंगाल के सायन मंडल ने रजत और ओडिशा के रोशन खड़िया ने कांस्य हासिल किया।
अंडर-20 बालिका 3000 मीटर स्टीपलचेस में सिक्किम की सबीना राय ने स्वर्ण, ओडिशा की सुनीता सांता ने रजत और बिहार की डॉली कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-20 बालक ट्रिपल जंप में असम के राजर्षि बर्मन ने स्वर्ण, झारखंड के दुलार केरकेट्टा ने रजत और विवेक ओरेन ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-18 बालिका शॉटपुट में पश्चिम बंगाल की दीप्ति राजबंशी ने स्वर्ण, असम की इप्शिता बोराह ने रजत और झारखंड की सुहानी सिंह ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-18 बालिका हेप्टाथलॉन में ओडिशा की उर्मिला भरसगी ने स्वर्ण, पश्चिम बंगाल की त्रिया दास ने रजत और झारखंड की सीमा कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-20 बालिका शॉटपुट में पश्चिम बंगाल की श्रेया नायक ने स्वर्ण, ओडिशा की सस्मिता बेहरा ने रजत और मेघालय की मेलिबाद करो ने कांस्य पदक जीता।
80 से अधिक तकनीकी पदाधिकारियों की रही भूमिका
प्रतियोगिता के सफल संचालन में विभिन्न राज्यों से आए तकनीकी अधिकारियों और जजों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी अधिकारियों में पश्चिम बंगाल से शंभु बंधोपाध्याय, संदीप कर, अनिरुद्धा प्रमीनक, सोमनाथ मलिक, सुदीप सेन गुप्ता, गोपाल घोष, डॉ. संगीता बनिक, अनूप कुमार मान, अर्णव भट्टाचार्या और डॉ. शम्भू प्रसाद शामिल रहे।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश से पी. ओनिमा रेड्डी, असम से निपोन दास, ओडिशा से प्रबोध मोहंती और शुभस्मिता रथा, झारखंड से जी.के. मिश्रा और अशोक कुमार भट्टाचार्या तथा बिहार से एम.ई. शम्शी समेत अन्य तकनीकी अधिकारियों ने प्रतियोगिता में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
बिहार एथलेटिक्स संघ की ओर से तकनीकी अधिकारी निर्मल कुमार, राजू सिंह, हारून अंसारी, यशवंत कुमार सिंह, अमित कुमार, मो. सालेह और विनय कुमार कृष्णन समेत बड़ी संख्या में तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आए 80 से अधिक तकनीकी पदाधिकारियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं के संचालन और तकनीकी निर्णयों में सहयोग किया।
प्रतियोगिता के दौरान युवा एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिला। बिहार के खिलाड़ियों के पदक प्रदर्शन ने राज्य में जूनियर एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर को भी सामने रखा।
ये खबर भी पढ़े: पितृपक्ष मेले में 17 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा!