शेखपुरा: अरियरी प्रखंड की ग्राम पंचायत डीहा, चोरवर, हु और सनैया के 36 सरकारी प्राथमिक, मध्य और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में संचालित समग्र शिक्षा की योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण पूरा होने के बाद बुधवार को डायट सभाकक्ष, शेखपुरा में जनसुनवाई आयोजित की गई। ग्रामीण विकास विभाग की सामाजिक अंकेक्षण सोसाइटी की ओर से आयोजित जनसुनवाई में स्कूलों की व्यवस्थाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े बिंदुओं पर विद्यालयवार रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
जनसुनवाई में विद्यालयों में सामने आई बुनियादी सुविधाओं की कमियों पर विशेष चर्चा हुई। कई विद्यालयों में पर्याप्त वर्ग कक्ष, चारदीवारी, बालक-बालिकाओं के लिए अलग शौचालय, खेल मैदान, गुणवत्तापूर्ण पेयजल और पुस्तकालय जैसी सुविधाओं की जरूरत सामने रखी गई। संबंधित विभाग को पत्र और प्रस्ताव भेजकर इन कमियों को दूर कराने का सुझाव दिया गया।
स्कूलों में अखबार से लेकर कचरा प्रबंधन तक पर जोर
जनसुनवाई के दौरान विद्यालय शिक्षा समितियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। सभी विद्यालयों में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के गठन तथा कम से कम एक अखबार की सदस्यता लेने का सुझाव दिया गया।
विद्यालयों में कचरे के सुरक्षित निपटान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सेनेटरी वेंडिंग मशीन और इन्सिनरेटर मशीन को दुरुस्त कराने के लिए भी प्राथमिकता के आधार पर पहल करने को कहा गया।
गलत बिल-कैशमेमो पर प्रधानों को कार्रवाई की चेतावनी
समग्र शिक्षा के तहत विद्यालय विकास के लिए प्राप्त अनुदान राशि के इस्तेमाल में गलत बिल या कैशमेमो का प्रयोग करने वाले विद्यालय प्रधानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं जिन विद्यालयों ने सामाजिक अंकेक्षण के लिए जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए हैं, उन्हें तीन दिनों के भीतर अभिलेखों की छायाप्रति सामाजिक अंकेक्षण इकाई को उपलब्ध कराने को कहा गया।
पांच सदस्यीय ज्यूरी ने सुनीं आपत्तियां
जनसुनवाई में निदेशक, लेखा एवं नियोजन, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण प्रशांत कुमार, बीडीओ अरियरी मनोज कुमार अग्रवाल, CSO प्रतिनिधि किरण देवी, CLF प्रतिनिधि शोभा कुमारी और SMS/VSS सदस्य खखरी देवी समेत गठित पांच सदस्यीय ज्यूरी मंडल ने विद्यालयों से जुड़े मामलों की सुनवाई की।
जनसुनवाई का संचालन जिला संसाधन सेवी रामलखन भारती ने किया। विद्यालयवार सामाजिक अंकेक्षण रिपोर्ट विशेष प्रशिक्षित सामाजिक अंकेक्षण संसाधन सेवी अनिल कुमार और पिंकी कुमारी ने प्रस्तुत की।
इस दौरान विद्यालय प्रधानों के अलावा सामाजिक अंकेक्षण दल के शंकर कुमार, सुनीता कुमारी, शोभा कुमारी, किरण कुमारी और सानिया राज सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: शुल्क वसूली से लेकर 77 आशा कार्यकर्ताओं की बहाली तक, लखीसराय नगर परिषद में बड़े फैसले!