पटना: गर्दनीबाग धरनास्थल के पास पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के काफिले से जुड़े विवाद में सरकारी कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग में वेलफेयर ऑफिसर अरविंद कुमार की शिकायत पर गर्दनीबाग थाने में पप्पू यादव समेत करीब 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत में मारपीट, वाहन से टक्कर, हथियार के बट और लोहे की रॉड से हमला करने के साथ सोने की चेन छीनने के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
कार्यालय जाने के दौरान काफिले के बीच फंसने का दावा
अरविंद कुमार के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह वह बाइक से कार्यालय जा रहे थे। गर्दनीबाग धरनास्थल के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो से उनकी बाइक में टक्कर हुई। शिकायत में वाहन को पप्पू यादव के काफिले से जुड़ा बताया गया है।
अरविंद का आरोप है कि टक्कर के बाद उन्होंने वाहन को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद उसमें सवार कई लोग नीचे उतरे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
सिर पर हमला और चेन छीनने का आरोप
शिकायत में अरविंद कुमार ने एक व्यक्ति पर हथियार के बट से सिर पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पप्पू यादव समेत अन्य लोगों पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। साथ ही गले से सोने की चेन छीनने की बात शिकायत में कही गई है।
अरविंद के मुताबिक, मौके पर कुछ अन्य लोगों के पहुंचने के बाद उनकी मदद हुई। घटना के बाद वह गर्दनीबाग थाने पहुंचे, जहां उनका मेडिकल कराया गया और लिखित शिकायत दी गई।
दूसरे पक्ष का दावा- पहले गाड़ी का शीशा तोड़ा गया
वहीं, पप्पू यादव के समर्थकों की ओर से घटना को लेकर अलग दावा किया गया है। उनका कहना है कि अरविंद कुमार ने पहले काफिले की गाड़ी का शीशा तोड़ा था, जिसके बाद विवाद बढ़ा और मारपीट की स्थिति बनी। इस दावे की भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आएगा पूरा मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान मौजूद लोगों, वाहनों और आसपास के साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल FIR में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले में पप्पू यादव समेत जिन लोगों के नाम शिकायत में दिए गए हैं, उनकी भूमिका और दूसरे पक्ष के दावों की भी पुलिस पड़ताल कर रही है।
ये खबर भी पढ़े: सुपौल DTO ऑफिस में विजिलेंस की छापेमारी, 15 हजार रिश्वत लेते डाटा ऑपरेटर गिरफ्तार!