पटना: दानापुर की मसाला मंडी में हल्दी की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। विभाग की टीम ने करीब एक दर्जन दुकानों से हल्दी के लगभग 35 नमूने लेकर पोर्टेबल एक्स-रे फ्लोरेसेंस मशीन से जांच की। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 28 नमूनों में लेड क्रोमेट पाया गया और करीब 70 प्रतिशत नमूनों में इसकी मात्रा तय मानक से अधिक मिली। वहीं 7 नमूनों में लेड क्रोमेट शून्य पाया गया।
35 नमूनों की जांच, 28 में मिला लेड
खाद्य संरक्षा विभाग के अधिकारी सुदामा चौधरी के अनुसार, दानापुर मसाला मंडी में लगभग 35 नमूनों की जांच की गई। इनमें करीब 28 नमूनों में लेड क्रोमेट की मौजूदगी मिली, जबकि सात नमूनों में इसकी मात्रा शून्य दर्ज की गई। विभाग ने दुकानदारों को सुरक्षित और प्रमाणित स्रोत से ही हल्दी खरीदने की सलाह दी है।
रंग बढ़ाने के लिए मिलावट की आशंका
लेड क्रोमेट की मौजूदगी को लेकर खाद्य गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। वैज्ञानिक अध्ययनों में हल्दी में लेड क्रोमेट की मिलावट का इस्तेमाल रंग को अधिक पीला दिखाने के लिए किए जाने की बात सामने आई है।
विभाग ने दुकानदारों को किया जागरूक
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके स्रोत पर ध्यान देने को कहा। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से भी संदिग्ध या खुले स्रोत से मसाले खरीदने के बजाय प्रमाणित स्रोत से उत्पाद लेने की अपील की है।
जांच के सामने आने के बाद दानापुर मसाला मंडी में बिक रही हल्दी की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई और विस्तृत जांच की जानकारी का इंतजार है।
ये खबर भी पढ़े: प्री-बोर्ड में असफलता से IPS तक का सफर, मुजफ्फरपुर सिटी SP मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में अवार्ड!