लखीसराय: शहर के वार्ड नंबर 30 स्थित शिवाय गार्डन में मंगलवार को समाजसेवी स्वर्गीय अजब लाल शर्मा की पुण्य स्मृति में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कवियों ने अपनी रचनाओं से देर तक श्रोताओं को बांधे रखा।

जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला जदयू के अध्यक्ष रामानुज शर्मा, भारतीय लोक मत राष्ट्रवादी पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज कुमार शर्मा तथा मुखिया जूली देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन पत्रकार जेपी सिंह ने किया, जबकि मंच संचालन कवि ओंकार शर्मा कश्यप ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय अजब लाल शर्मा के चित्र पर अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद काव्य संध्या का दौर शुरू हुआ। देश के नामचीन कवियों ने हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार रस की रचनाओं से माहौल को जीवंत बना दिया।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की युवा हिंदी कवयित्री प्रीति पांडेय ने गीत एवं श्रृंगार रस की कविताओं से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। वहीं नवादा, बिहार से पहुंचे कवि ओंकार शर्मा कश्यप ने रोजमर्रा की घटनाओं, सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं को अपनी कविताओं के जरिए मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
श्रृंगार रस की कवयित्री कंचन पाठक और अंकिता सिन्हा, गजलकार गणानायक मिश्रा तथा हास्य कवि रंजीत दुबु ने भी अपनी-अपनी रचनाओं से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कई प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कवियों के सम्मान में स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक फुलेना सिंह, मुंगेर-जमुई सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम ने स्वर्गीय अजब लाल शर्मा की सामाजिक स्मृतियों को काव्य और सम्मान के माध्यम से जीवंत कर दिया।
ये खबर भी पढ़े: खाली मकान में चल रहा था कथित देह व्यापार का धंधा; लखीसराय पुलिस की छापेमारी में 4 युवक और एक महिला गिरफ्तार!
