मधुबनी: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को मधुबनी पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर राजनगर के ऐतिहासिक राज परिसर में उतरा। सीएम के आगमन को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों तक मजिस्ट्रेट के साथ एसएसबी और बिहार पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी।
200 साल पुराने कामख्या मंदिर में पूजा
राजनगर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज परिसर स्थित ऐतिहासिक कामख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी के अनुसार यह मंदिर करीब 200 वर्ष पुराना और ऐतिहासिक महत्व वाला है।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। स्थानीय प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एवं निगरानी की विशेष व्यवस्था की थी।
राजनगर से सीधे पिलखवार पहुंचे सीएम
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पिलखवार गांव पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पीए के घर आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने दिवंगत के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायक समेत भाजपा के कई नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वापस हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के इस संक्षिप्त मधुबनी दौरे में धार्मिक आस्था, पारिवारिक शोक कार्यक्रम और राजनीतिक नेतृत्व की मौजूदगी—तीनों तस्वीरें एक साथ देखने को मिलीं।
ये खबर भी पढ़े: मुजफ्फरपुर के स्कूल में ‘शुद्धिकरण’ का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को किया सस्पेंड!