किशनगंज: किशनगंज में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस और SSB ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गलगलिया थाना क्षेत्र में एक घर पर छापेमारी कर करीब 952 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जलाल, निवासी टीकाटोली वार्ड नंबर-04, गलगलिया थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर घर में हुई छापेमारी
पुलिस को आरोपी के घर से मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार के नेतृत्व में गलगलिया थाना पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान टीम को 952 ग्राम मादक पदार्थ और एक मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में सामने आया नशे के कारोबार का कनेक्शन
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घर से ही मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री किए जाने की जानकारी दी है। अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।
पुलिस बरामद मादक पदार्थ के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है, ताकि इसके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
NDPS Act के तहत केस दर्ज
मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 89/26 दर्ज कर NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति की जांच की जाएगी। यदि ऐसी संपत्ति का पता चलता है तो नियमानुसार उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
नशे के खिलाफ जारी इस अभियान को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़े: नेपाल की मदद को दुनिया आगे आई, PM बालेन ने जताया आभार!
किशनगंज से रजी अहमद की रिपोर्ट…