पटना: शराबबंदी के बावजूद राजधानी पटना में विदेशी शराब की तस्करी का सिलसिला जारी है। फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी के पास मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विभाग की टीम ने नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में डुमरी के पास संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली। तस्करों ने शराब के कार्टूनों को छिपाने के लिए उनके ऊपर डीएपी खाद की बोरियां रख दी थीं, ताकि जांच के दौरान ट्रक खाद से लदा हुआ दिखाई दे।
अधिकारियों के अनुसार ट्रक में कुल 1109 कार्टून विदेशी शराब लदी थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप कानपुर से पटना लाई जा रही थी। टीम ने ट्रक को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
गोदाम सील, नेटवर्क की जांच तेज
कार्रवाई के दौरान शराब से जुड़े एक गोदाम को भी सील किया गया है। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी खेप पटना में किसके पास पहुंचाई जानी थी और तस्करी के इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
शराबबंदी के बीच खाद की आड़ में करोड़ों की शराब की खेप पकड़े जाने से तस्करी के नेटवर्क पर सवाल खड़े हुए हैं। विभाग अब इस नेटवर्क की पूरी कड़ी तक पहुंचने में जुटा है।
ये खबर भी पढ़े: कटिहार में डिजिटल हाजिरी का ‘खेल’! स्कूल में नहीं, दूसरे राज्य में थे शिक्षक… फिर भी लग गई अटेंडेंस!