शेखपुरा: बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने काशी चक मोड़ के पास एक एम्बुलेंस से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एम्बुलेंस को भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान के दौरान संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 89.250 लीटर विदेशी शराब, यानी लगभग 10 पेटी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार, पिता कारू राम, निवासी औरै गांव, थाना रामगढ़, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
सदर अस्पताल की एम्बुलेंस का इस्तेमाल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस एम्बुलेंस से शराब की खेप बरामद हुई है, वह नवादा सदर अस्पताल में संचालित होती है। एम्बुलेंस का इस्तेमाल शराब तस्करी के लिए किए जाने की जानकारी मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों के बीच भी हड़कंप मच गया है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
उत्पाद विभाग और पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी डिलीवरी किस स्थान पर की जानी थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: 737 दिनों से धरना, फिर भी नहीं सुनी गई मांगें, रांची में दिव्यांगों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन!
