पटना: राजधानी में अपराध के खिलाफ सुलतानगंज थाना पुलिस ने सोमवार को जोरदार अभियान चलाते हुए एक के बाद एक तीन बड़ी कार्रवाई कर अपराधियों की कमर तोड़ दी। नशा तस्करों से लेकर ठगी गिरोह और संदिग्ध नकदी तक—हर मोर्चे पर पुलिस ने सख्त रुख दिखाया।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने महेंद्रू पड़ाव के पास घेराबंदी कर 100 ग्राम स्मैक के साथ अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके साथी विशाल कुमार को भी दबोच लिया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनसे नेटवर्क की गहराई तक जांच की जा रही है।
दूसरे मामले में पुलिस ने नकली सोने के बिस्किट दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से नकली सोने जैसे दिखने वाले बिस्किट और एक टेंपो जब्त किया गया। यह गिरोह भोले-भाले लोगों को सोने का लालच देकर मोटी रकम ठगता था।
तीसरी कार्रवाई में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो को रोका और तलाशी लेने पर 34 लाख 94 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए। वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बरामद रकम के स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेज दी गई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक पटना सिटी राजकिशोर सिंह ने स्पष्ट किया कि अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से स्पष्ट है कि पटना पुलिस अब अपराधियों पर पूरी तरह हावी है और शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आक्रामक रणनीति अपना रही है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: सम्मान की लिस्ट में सेंध, जांच में खुला फर्जीवाड़ा, 653 नाम साफ… गढ़वा में मचा हड़कंप!