रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच कर रही CID ने TSR Data Processing Private Limited (TDPL) के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह और संजय कुमार के रूप में हुई है। सीआईडी के अनुसार, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर इन तीनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
CID थाना में दर्ज है मामला
सीआईडी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस मामले में CID थाना कांड संख्या 16/2026 दिनांक 22 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया था। इसके बाद जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए, जिसके आधार पर TDPL के कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा रांची पुलिस के सहयोग से शहर के कुछ इलाकों में स्थित दो होटलों में छापेमारी भी की गई। छापेमारी के दौरान जांच से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात कही गई है।
पहले गिरफ्तार 5 आरोपियों से पूछताछ जारी
CID ने बताया कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे पूछताछ कर परीक्षा में कथित गड़बड़ी, तकनीकी प्रक्रिया, नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है।
SIT कर रही पूरे मामले की जांच
JPSC परीक्षा अनियमितता मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। SIT पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की तकनीकी छेड़छाड़, संगठित नेटवर्क या अन्य लोगों की संलिप्तता रही है या नहीं।
CID ने आम लोगों से मांगी जानकारी
CID ने आम लोगों से भी इस मामले में सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति के पास परीक्षा अनियमितता से जुड़ी कोई जानकारी, दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं तो वह CID को उपलब्ध करा सकता है।
सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 9934309058 और ई-मेल complaintjpsc-cid@jhpolice.gov.in जारी किया गया है। CID ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
आगे और गिरफ्तारी की संभावना
तीन TDPL कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज होने की संभावना है। CID अब यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: जिस पुलिस पर भरोसा था, वही निकला ठगी का खिलाड़ी, थानों में जब्त गाड़ियों की नीलामी के नाम पर 39 लाख की ठगी!