मुजफ्फरपुर: नीट पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार शाम हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर उपद्रवियों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
शहर के समाहरणालय परिसर, कल्याणी चौक, मिठनपुरा, कंपनीबाग और सदर अस्पताल रोड समेत कई स्थानों पर प्रदर्शन की आड़ में असामाजिक तत्वों ने जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस पोस्ट, सड़क डिवाइडर और अन्य सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर उपलब्ध तस्वीरों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर रही है। कई संदिग्धों की तस्वीरें भी सार्वजनिक की जा चुकी हैं, ताकि आम लोगों की मदद से उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।
जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इन तस्वीरों में दिख रहे उपद्रवियों की पहचान करता है, तो वह जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9431896700 पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने यह भी घोषणा की है कि सही जानकारी देकर उपद्रवियों की पहचान कराने वाले व्यक्ति को ₹10,000 का नकद इनाम दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ न केवल कानूनी कार्रवाई होगी, बल्कि नुकसान की भरपाई भी उन्हीं से वसूली जाएगी।
गौरतलब है कि नीट पेपर लीक के विरोध में निकला छात्रों का आक्रोश मार्च शाम होते-होते उग्र हो गया था। कुछ असामाजिक तत्वों के शामिल होने के बाद हालात बिगड़ गए और पथराव व तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। इसके बाद शहर के प्रमुख इलाकों में भारी पुलिस बल, दंडाधिकारी और दंगा नियंत्रण दस्ता तैनात कर दिया गया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: लखीसराय में छात्र आंदोलन की आशंका, प्रशासन हाई अलर्ट—स्टेशन से कोचिंग तक कड़ी निगरानी!