कैमूर: बिहार के कैमूर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मोहनिया थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में जिले के टॉप-10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल साहेब पासवान उर्फ गणेश पासवान को उसके सहयोगी मुन्ना पासी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस पूरे मामले की जानकारी मोहनिया के डीएसपी गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि 22 तारीख की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी अपने ठिकाने पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए साहेब पासवान के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से साहेब पासवान और उसके सहयोगी मुन्ना पासी को दबोच लिया। मुन्ना पासी मोहनिया थाना में दर्ज एक मामले में पहले से वांछित था, जबकि साहेब पासवान लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की टॉप-10 सूची में शामिल था।
डीएसपी ने बताया कि साहेब पासवान का आपराधिक इतिहास काफी लंबा और गंभीर रहा है। उसके खिलाफ कैमूर जिले के विभिन्न थानों में करीब 8 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के 4, आर्म्स एक्ट के 5 और डकैती का 1 मामला शामिल है।
पुलिस के अनुसार, उसका आपराधिक रिकॉर्ड वर्ष 2015 से दर्ज है और वह पिछले 5 से 6 महीनों से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार एसटीएफ भी लगातार प्रयास कर रही थी।
हालांकि छापेमारी के दौरान पुलिस को कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, लेकिन दोनों गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और आगे किसी बड़ी आपराधिक साजिश की तैयारी तो नहीं थी।
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
कैमूर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे इलाके में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: श्रावणी मेला से पहले प्रशासन अलर्ट… डीएम खुद मैदान में उतर कर जांचीं तैयारियां!