बोकारो: दक्षिण-पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे अनुरक्षण कार्य के कारण रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभाग की ओर से 20 से 26 जुलाई तक संयुक्त रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके चलते कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
इस दौरान भोजूडीह-चंद्रपुरा भोजूडीह मेमू ट्रेन 20 जुलाई को रद्द रहेगी। वहीं आद्रा-भागा आद्रा मेमू 26 जुलाई को रद्द रहेगी।
इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण मेमू ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। चक्रधरपुर-गोमो मेमू एक्सप्रेस 21, 24 और 26 जुलाई को महुदा स्टेशन तक ही चलेगी और वहीं से वापस लौटेगी। इस अवधि में महुदा-गोमो रेलखंड पर ट्रेन सेवा प्रभावित रहेगी।
रेलवे के अनुसार,
- आसनसोल-आद्रा मेमू 20 से 24 जुलाई और 26 जुलाई को रद्द रहेगी।
- आद्रा-मिदनापुर मेमू 21, 24 और 26 जुलाई को रद्द रहेगी।
- आसनसोल-पुरुलिया मेमू 20, 21 और 23 जुलाई को रद्द रहेगी।
- टाटानगर-आसनसोल मेमू 24 और 25 जुलाई को रद्द रहेगी।
इसके अलावा कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से समाप्त और प्रारंभ किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव जरूरी रखरखाव कार्य को देखते हुए किया गया है, ताकि भविष्य में रेल परिचालन को और सुरक्षित एवं बेहतर बनाया जा सके।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: गिरिडीह में प्रेमिका के पिता ने युवक को मारी गोली; रांची रेफर!