हाजीपुर: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा दांव खेलते हुए ऐलान किया है कि उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और राष्ट्रीय स्तर पर अपना विस्तार करेगी।
पत्रकारों से बातचीत में पासवान ने कहा कि उनकी राजनीति “पंडित से लेकर पासवान” तक सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अब बिहार तक सीमित नहीं रही, बल्कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, झारखंड, उत्तराखंड और नागालैंड समेत कई राज्यों में संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है।
चुनावी माहौल के बीच धार्मिक बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि किसी भी धर्म या आस्था को ठेस पहुंचाने वाली भाषा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अपील की कि लोग विभाजनकारी बयानों से दूर रहकर विकास के मुद्दों पर ध्यान दें।
उन्होंने देश को 2047 तक विकसित बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक हर राज्य—बिहार, यूपी और पंजाब—विकास की राह पर आगे नहीं बढ़ेगा, तब तक यह सपना अधूरा रहेगा।
पंजाब में अभियान की शुरुआत
पासवान ने बताया कि पार्टी जल्द ही पंजाब में चुनावी अभियान शुरू करेगी, जिसकी शुरुआत स्वर्ण मंदिर में मत्था टेककर की जाएगी।
PM मोदी का बिहार दौरा
उन्होंने जानकारी दी कि नरेंद्र मोदी जल्द ही बिहार दौरे पर आएंगे, जहां वैशाली में बनने वाले NIFTEM संस्थान का शिलान्यास करेंगे। इसे रोजगार और विकास के लिहाज से बड़ा कदम बताया गया है।