धनबाद: कोयलांचल की राजनीति में 15 जुलाई को बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है। निरसा विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी और मासस के बीच सियासी टकराव की स्थिति बन गई है। धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने एक ही दिन जनसभा और शक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया है।
सांसद ढुल्लू महतो 15 जुलाई को निरसा में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं इसके जवाब में मासस विधायक अरूप चटर्जी ने भी अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करने की घोषणा की है। दोनों नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।
सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि निरसा की जनता विकास विरोधी राजनीति करने वालों को जवाब देगी। वहीं विधायक अरूप चटर्जी ने पलटवार करते हुए कहा कि हर राजनीतिक चुनौती का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर सांसद निरसा में शक्ति प्रदर्शन करेंगे तो मासस भी बाघमारा में बड़ा आंदोलन करेगी।
दोनों राजनीतिक कार्यक्रमों को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन दोनों आयोजनों पर नजर रखेगा ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।